रांची: जेपीएससी- जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितता के खिलाफ छात्रों के आंदोलन के बीच सोमवार को झारखंड विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई. इधर विधानसभा घेराव के लिए निकले प्रदर्शनकारी छात्र तमाम पुलिस बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था को पार करते हुए लगातार आगे बढ़ते रहे और विधानसभा के समीप पहुंच गए.



प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने छह राउंड आंसू गैस के गोले दागे, लेकिन आंदोलनकारी छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए. छात्रों और पुलिस के बीच लगातार गतिरोध बना रहा. इसी दौरान कुछ छात्र सुरक्षा घेरा तोड़कर विधानसभा परिसर में प्रवेश करने में भी सफल रहे.
विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लगातार छात्रों को पीछे हटने की अपील करती रही, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे रहे.
गौरतलब है कि जेपीएससी- जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितता के खिलाफ छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं. छात्र पूरे मामले की सीबीआई जांच के साथ कथित विवादित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग पर अड़े हैं. वहीं सरकार का दावा है कि छात्रों की कई मांगों पर कार्रवाई की जा चुकी है और मामले की सीआईडी जांच चल रही है. सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान आंदोलन के उग्र रूप लेने के बाद राजधानी में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल भी तेज हो गई है.





