राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत जुमाल पंचायत के जुमाल गांव में सोमवार को वज्रपात की दर्दनाक घटना में 58 वर्षीय अविवाहित महिला गोरा मुर्मू की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.



जानकारी के अनुसार, गोरा मुर्मू सोमवार को खेत में धान रोपाई का कार्य कर रही थीं. इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई. वज्रपात की चपेट में आने से वह खेत में ही गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गईं.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद जुमाल गांव में मातम का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.
लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खेतों, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें.





