रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने 14वीं झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि विज्ञापन संख्या-01/2026 के तहत 25 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक प्रस्तावित मुख्य परीक्षा अपरिहार्य कारणों से फिलहाल नहीं कराई जाएगी.



आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि उसकी वेबसाइट पर 9 जुलाई 2026 को जारी Examination Calendar-2026 के तहत प्रस्तावित अन्य परीक्षाओं का कार्यक्रम भी अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है. विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है.
नई परीक्षा तिथि बाद में होगी घोषित
JPSC ने कहा है कि मुख्य परीक्षा की नई तिथि फिलहाल तय नहीं की गई है. संशोधित परीक्षा कार्यक्रम और नई तिथियों की घोषणा अलग से अधिसूचना जारी कर की जाएगी. अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर रखने की सलाह दी गई है.
विरोध प्रदर्शन के बीच आया फैसला
गौरतलब है कि 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा (PT) का परिणाम घोषित होने के बाद विभिन्न छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितता, भ्रष्टाचार और गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए राज्यभर में विरोध प्रदर्शन किया था. कई संगठनों ने परिणाम की निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा की मांग उठाई थी.
मुख्य परीक्षा स्थगित किए जाने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर आयोग की अगली आधिकारिक अधिसूचना पर टिकी है, जिसमें परीक्षा की नई तिथियों और आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी.





