रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उप परीक्षा नियंत्रक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. झारखंड सरकार के निर्देश पर चल रही जांच के तहत सीआईडी ने रांची पुलिस के सहयोग से JPSC कार्यालय सहित राज्य के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए.



सीआईडी द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर सीआईडी थाना कांड संख्या-16/2026 दर्ज किया गया. जांच के क्रम में श्वेता कुमारी गुप्ता (उप परीक्षा नियंत्रक, JPSC), रामवीर सिंह (निदेशक, TSR Data Processing Pvt. Ltd.), मो. उस्मान, मो. एबाद और अभय कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया गया है.
सीआईडी ने सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. जांच एजेंसी पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है.
गौरतलब है कि हाल के दिनों में 14वीं JPSC परीक्षा को लेकर कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद राज्यभर में छात्र संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा विरोध- प्रदर्शन किया गया था. इसी बीच सरकार के निर्देश पर सीआईडी ने जांच तेज करते हुए यह बड़ी कार्रवाई की है.





