जामताड़ा: जिले में एकबार फिर से इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार- झारखंड की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है. करमाटांड़ प्रखंड में मनरेगा के तहत पशुशेड निर्माण में कथित वित्तीय अनियमितता को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है. उप विकास आयुक्त (डीडीसी) असीम किस्पोट्टा ने मामले की जांच के आदेश जारी करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को स्वयं स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.



गौरतलब है कि 17 जुलाई 2026 को इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार-झारखंड में “मनरेगा में पशुशेड निर्माण के नाम पर लाखों की गड़बड़ी का आरोप. बिना नींव खोदे राशि निकासी का मामला” शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था. खबर में करमाटांड़ पंचायत के परेश मंडल (वर्क कोड-55801) और गीता देवी (वर्क कोड-55806) के नाम पर स्वीकृत पशुशेड योजनाओं में बिना निर्माण कार्य के ही लगभग ढाई लाख रुपये की कथित अवैध निकासी का आरोप लगाया गया था.
समाचार को गंभीरता से लेते हुए डीडीसी ने करमाटांड़ (विद्यासागर) के प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि वे स्वयं स्थल पर जाकर मामले की विस्तृत जांच करें और आरोपों की सत्यता की पुष्टि करें.
जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि जांच के दौरान पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक अथवा अन्य कोई कर्मी दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए स्पष्ट मंतव्य सहित प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराया जाए.
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से संकेत मिला है कि सरकारी योजनाओं में अनियमितता के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है. अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि आरोप कितने सही साबित होते हैं और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





