खरसावां: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) के तहत मंगलवार को कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र गोमियाडीह पंचायत में उड़द बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान पंचायत के 60 किसानों के बीच उन्नत किस्म के उड़द बीज का वितरण किया गया. इसका उद्देश्य क्षेत्र में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना है.



कार्यक्रम में गोमियाडीह पंचायत के मुखिया मंगल सिंह मुंडा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनूस हेंब्रम, बीटीएम राजेश कुमार तथा एफआईएसी अध्यक्ष मंगल सिंह मुंडा ने संयुक्त रूप से किसानों के बीच बीज का वितरण किया. इस दौरान किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने और आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया.
प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनूस हेंब्रम ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और आधुनिक कृषि संसाधन उपलब्ध कराकर उत्पादन बढ़ाना है. उन्होंने बताया कि उड़द एक महत्वपूर्ण दलहनी फसल है, जिसकी खेती से मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ती है. उन्होंने किसानों से विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए बीज का समुचित उपयोग करने तथा कृषि विभाग के तकनीकी सुझावों का पालन करने की अपील की.
मुखिया मंगल सिंह मुंडा ने कहा कि गोमियाडीह पंचायत का अधिकांश क्षेत्र पहाड़ी और ग्रामीण है, जहां किसानों की आजीविका मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है. ऐसे में सरकार की यह योजना किसानों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी. उन्होंने किसानों से आधुनिक खेती अपनाने और कृषि विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया.
बीटीएम राजेश कुमार ने किसानों को उड़द की उन्नत खेती, बीज उपचार, खेत की तैयारी, समय पर बुवाई तथा फसल संरक्षण की वैज्ञानिक जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाकर किसान बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की भी जानकारी दी गई.
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए सरकार और कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया. किसानों ने कहा कि इस पहल से दलहन उत्पादन में वृद्धि होगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की योजनाओं का लाभ निरंतर उपलब्ध कराने की मांग की.
कार्यक्रम में किसान मित्र मनोज सोय सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.





