सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी बुधवार को आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जियाडा कैंप कार्यालय में जनता से सीधा संवाद करेंगे. इस दौरान वे लोगों की शिकायतें सुनेंगे और संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे.



पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी किसी भी प्रकार की पुलिस संबंधी समस्या, शिकायत अथवा सुझाव लेकर निर्भीक होकर उनसे मिलें. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना जिला पुलिस की प्राथमिकता है.
बुधवार को दोपहर 12 बजे से पुलिस अधीक्षक जियाडा कैंप कार्यालय में उपस्थित रहेंगे. इस दौरान भूमि विवाद से जुड़े कानून- व्यवस्था के मामले, साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, चोरी, रंगदारी, अवैध गतिविधियों, लंबित मामलों की शिकायत, पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित सुझाव तथा अन्य पुलिस संबंधी समस्याओं पर आम नागरिक सीधे अपनी बात रख सकेंगे.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं सामने रखें, ताकि पुलिस- जनता के बीच विश्वास और सहयोग की भावना को और मजबूत किया जा सके.
जिला पुलिस का मानना है कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान होने के साथ- साथ पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी. साथ ही नागरिकों की भागीदारी से अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी.





