जामताड़ा: आसनसोल- जसीडीह रेलखंड पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है. आसनसोल रेल मंडल ने इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर नई मेमू (MEMU) ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे मुख्यालय को भेज दिया है. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद जामताड़ा समेत इस रूट के अधिकांश छोटे-बड़े स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी. लंबे समय से नई लोकल ट्रेन की मांग कर रहे यात्रियों के लिए यह एक बड़ी सौगात साबित हो सकती है.



प्रस्तावित समय- सारिणी के अनुसार डाउन दिशा की मेमू ट्रेन जामताड़ा स्टेशन पर सुबह 10:39 बजे पहुंचेगी, जबकि अप दिशा की मेमू शाम 3:30 बजे जामताड़ा पहुंचेगी. वर्तमान में सुबह की लोकल ट्रेन गुजरने के बाद यात्रियों को अगली मेमू सेवा के लिए कई घंटे तक इंतजार करना पड़ता है. नई ट्रेन शुरू होने से यह लंबा अंतराल समाप्त होगा और दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों तथा व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा.
प्रस्ताव के अनुसार डाउन मेमू जसीडीह से सुबह 9:00 बजे रवाना होकर कुमराबाद रोहिणी, शंकरपुर, मथुरापुर, मधुपुर जंक्शन, जोड़ामोह, मदनकट्टा, विद्यासागर, काशीटांड़ हॉल्ट, जामताड़ा, चित्तरंजन, रूपनारायणपुर, सालानपुर, सीतारामपुर और बाराचक होते हुए 11:50 बजे आसनसोल पहुंचेगी. वहीं अप दिशा में यह मेमू आसनसोल से दोपहर 2:40 बजे रवाना होकर बाराचक, सीतारामपुर, सालानपुर, रूपनारायणपुर, चित्तरंजन, जामताड़ा, काशीटांड़ हॉल्ट, विद्यासागर, मदनकट्टा, जोड़ामोह, मधुपुर, मथुरापुर, शंकरपुर और कुमराबाद रोहिणी होते हुए शाम 5:20 बजे जसीडीह पहुंचेगी.
नई मेमू सेवा शुरू होने से अर्जुन नगर हॉल्ट को छोड़कर इस रेलखंड के लगभग सभी छोटे-बड़े स्टेशनों के यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी. इससे जामताड़ा, मधुपुर, चित्तरंजन, सालानपुर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को शिक्षा, रोजगार, व्यापार और इलाज के लिए आने-जाने में समय की बचत होगी.
रेल यात्रियों का कहना है कि यदि रेलवे मुख्यालय से इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिल जाती है, तो यह आसनसोल–जसीडीह रेलखंड के यात्रियों के लिए वर्षों से लंबित एक बड़ी मांग पूरी होने के समान होगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





