जमशेदपुर: शहर के साकची थाना क्षेत्र स्थित जेल चौक के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी विद्यालय की शिक्षिका रजनीगंधा दास की मौत हो गई. वह अपने पति के साथ बाइक से स्कूल जा रही थीं. इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं. गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.



जानकारी के अनुसार, रजनीगंधा दास प्राथमिक विद्यालय एदेलबेड़ा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं. सोमवार सुबह वह अपने पति सुशील दास के साथ रोज की तरह विद्यालय के लिए निकली थीं. साकची जेल चौक के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिर गईं.
बताया गया कि शिक्षिका ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि हेलमेट क्षतिग्रस्त हो गया और उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं. हादसे के तुरंत बाद उनके पति उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
परिजनों ने बताया कि रजनीगंधा दास प्रतिदिन इसी मार्ग से विद्यालय जाया करती थीं. उनके परिवार में पति, एक पुत्र और एक पुत्री हैं. पुत्र ने मुंबई से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है, जबकि पुत्री बेंगलुरु में एमबीए की पढ़ाई कर रही है. दोनों के जमशेदपुर पहुंचने के बाद मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई. झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रजनीगंधा दास कर्तव्यनिष्ठ, समर्पित और विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय शिक्षिका थीं. उनके असामयिक निधन से शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है.





