सरायकेला: ओड़िया भाषा संस्कृति और लोक रंगमंच को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से सरायकेला में एक बार फिर तीन दिवसीय भव्य ओड़िया नाट्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. उत्कल युवा एकता मंच के तत्वावधान में नवंबर माह में पब्लिक दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में जिले की तीन प्रमुख नाट्य संस्थाएं अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी.



इसको लेकर पब्लिक दुर्गा मंदिर परिसर में उत्कल युवा एकता मंच, गणपति ओपेरा और अन्नपूर्णा गणनाट्य के कलाकारों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे उत्साह और भव्यता के साथ तीन दिवसीय ओड़िया नाट्य महोत्सव आयोजित किया जाएगा.
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव के दौरान तीनों नाट्य संस्थाएं प्रतिदिन एक-एक ओड़िया नाटक का मंचन करेंगी. समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नाट्य दलों एवं कलाकारों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा.
उत्कल युवा एकता मंच के सचिव रूपेश साहू ने कहा कि ओड़िया भाषा. साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से मंच लगातार इस तरह के आयोजन कर रहा है. उन्होंने सभी ओड़िया भाषी नागरिकों से महोत्सव को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद से उत्कल युवा एकता मंच लगातार ओड़िया नाटकों का सफल आयोजन कर रहा है. इससे क्षेत्र में ओड़िया रंगमंच को नई पहचान मिली है और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्राप्त हुआ है.
बैठक में निदेशक घासीराम सतपथी. शंकर सतपथी. वरुण साहू सहित गणपति ओपेरा. अन्नपूर्णा गणनाट्य और उत्कल युवा एकता मंच के कई कलाकार एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे.





