बोकारो: तीन दिवसीय 21वीं कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का रंगारंग समापन बोकारो पुलिस केंद्र में हुआ. प्रतियोगिता में बोकारो और धनबाद जिला पुलिस बल के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. शानदार प्रदर्शन के दम पर बोकारो जिला पुलिस बल ने ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि धनबाद जिला पुलिस बल उपविजेता रहा.



तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित कई खेलों का आयोजन किया गया. खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया.
समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया. उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना, अनुशासन और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देती हैं.
समारोह में बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त डीआईजी जितेंद्र सिंह, बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को पुलिस सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया.
आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बोकारो पुलिस की पूरी टीम की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस बल की कार्यकुशलता और फिटनेस को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
तीन दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ के समापन के साथ ही बोकारो जिला पुलिस बल ने ओवरऑल चैंपियन बनकर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





