बिहार: समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव में सोमवार सुबह स्कूल जा रही एक छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच तेज कर दी है.



मृतका की पहचान कैजिया गांव के वार्ड संख्या-14 निवासी उमेश ठाकुर की पुत्री सोनम कुमारी के रूप में हुई है. बताया गया कि सोनम सोमवार सुबह स्कूल ड्रेस पहनकर घर से विद्यालय के लिए निकली थी. घर से कुछ दूरी पर मलंग स्थान के समीप बाइक सवार अपराधियों ने उसे रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. वैनी थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी.
परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले सोनम ने एक युवक द्वारा शादी के लिए दबाव बनाए जाने की जानकारी दी थी. पिता उमेश ठाकुर का कहना है कि आरोपी युवक ने शादी से इनकार करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी. पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है.
सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए गए हैं. परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.





