छपरा: सारण जिले में चर्चित वकील पिता- पुत्र हत्याकांड के गवाह पंकज राय की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सारण पुलिस द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर समेत चार अपराधियों को दबोच लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल. एक देशी कट्टा. दो जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.



सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार ने मुफस्सिल थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में गिरफ्तारी की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि 29 जून की रात शादी समारोह से लौटने के दौरान मेथवालिया के समीप बाइक सवार अपराधियों ने पंकज राय और मनीष राय पर जानलेवा हमला किया था. गोली लगने से पंकज राय की मौके पर ही मौत हो गई थी.
पुलिस जांच के दौरान इस मामले में मुख्य शूटर नंदन उर्फ करीमन, निखिल कुमार, कुंदन कुमार और अंकित कुमार को गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चनचौरा गांव के रहने वाले हैं.
एसएसपी विनीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. इस हत्याकांड के उद्भेदन में मुफस्सिल थाना पुलिस और डीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.





