भद्रक: आंध्र प्रदेश से ओडिशा लौटने के दौरान एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला रहस्यमय परिस्थितियों में चलती ट्रेन से लापता हो गईं. घटना 18 जुलाई की बताई जा रही है. काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो बेटे ने आम लोगों से मां की तलाश में सहयोग की भावुक अपील की है.



जानकारी के अनुसार. ओडिशा के भद्रक जिले के सडाक मोहल्ला. पठान शाही निवासी 32 वर्षीय शेख उस्मान आंध्र प्रदेश के तिरुपति में रहकर काम करते हैं. उन्होंने बताया कि वह अविवाहित हैं और उनकी 70 वर्षीय मां जन्नतुल बीवी की देखभाल करने वाला परिवार में कोई अन्य नहीं है. इसी कारण करीब दो माह पहले वह अपनी मां को अपने साथ तिरुपति ले गए थे.
शेख उस्मान के अनुसार. 18 जुलाई को वह अपनी मां के साथ ट्रेन संख्या 12253 से तिरुपति से भद्रक के लिए रवाना हुए थे. रात करीब 2 बजे ट्रेन विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंची. उस समय तक उनकी मां उनके साथ ही थीं. स्टेशन से ट्रेन खुलने के कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि मां अपनी सीट पर नहीं हैं. इसके बाद उन्होंने ट्रेन के अगले स्टेशन पर उतरकर दोबारा विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचकर उनकी तलाश शुरू की.
उन्होंने स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, आसपास के क्षेत्रों तथा यात्रियों से पूछताछ की. लेकिन काफी प्रयास के बाद भी मां का कोई पता नहीं चल सका. निराश होकर वह दूसरी ट्रेन से भद्रक लौट आए. घटना के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और लगातार उनकी तलाश कर रहा है.
शेख उस्मान ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उनकी मां जन्नतुल बीवी. उम्र लगभग 70 वर्ष. कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में कोई भी जानकारी मिले. तो तत्काल 7381314689 पर शेख उस्मान अथवा 7209416794 पर उनके भाई शेख बाबु से संपर्क करें.
परिजनों ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए उम्मीद जताई है कि किसी की एक छोटी-सी सूचना उनकी मां को सकुशल परिवार तक पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है.





