जामताड़ा: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 रविवार को जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की गई. कुल 4,380 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से केवल 1,060 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,320 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. कम उपस्थिति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया.



परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त आलोक कुमार ने पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह, आईटीडीए परियोजना निदेशक जुगनू मिंज तथा अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय एवं सीएम उत्कृष्ट विद्यालय गर्ल्स परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा संचालन का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं पर्यवेक्षकों को गोपनीयता और पारदर्शिता के साथ दायित्व निभाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं पर संतोष भी व्यक्त किया.
समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष पूरे समय सक्रिय रहा और सभी परीक्षा केंद्रों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया. वहीं परीक्षा के नोडल पदाधिकारी एवं आईटीडीए परियोजना निदेशक जुगनू मिंज ने भी परीक्षा संचालन की लगातार निगरानी की.
परीक्षा के सफल आयोजन के बाद उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी स्टैटिक दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पेट्रोलिंग दंडाधिकारी, ऑब्जर्वर, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी. उन्होंने आगामी परीक्षाओं एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों में भी इसी तरह की प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





