जामताड़ा: 19 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड फील्ड वर्कर कॉम्पिटिटिव (JFWC) परीक्षा-2024 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने दो अनारक्षित मेमू परीक्षा विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों के परिचालन से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी और संभावित अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी.


पहली मेमू परीक्षा विशेष ट्रेन जसीडीह–दुमका–जसीडीह के बीच संचालित होगी. यह ट्रेन जसीडीह से सुबह 5:00 बजे प्रस्थान कर 6:45 बजे दुमका पहुंचेगी. मार्ग में देवघर, मोहनपुर, सिरसा नुनथर हॉल्ट, घोरमारा, धनपतडीह, चंदनपहाड़, बासुकीनाथ, जामा और न्यू मोहनपुर स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा. वापसी में यह ट्रेन दुमका से शाम 6:30 बजे रवाना होकर रात 8:00 बजे जसीडीह पहुंचेगी तथा सभी निर्धारित स्टेशनों पर रुकेगी.
दूसरी मेमू परीक्षा विशेष ट्रेन मधुपुर–गिरिडीह के बीच चलेगी. यह ट्रेन मधुपुर से शाम 6:30 बजे प्रस्थान कर 7:30 बजे गिरिडीह पहुंचेगी. इसके मार्ग में नवाब मोड़, सुगापहाड़ी, जगदीशपुर, के.बी. सहाय हॉल्ट और महेशमुंडा स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दोनों मेमू परीक्षा विशेष ट्रेनें केवल 19 जुलाई 2026 को ही संचालित की जाएंगी. ये पूरी तरह अनारक्षित होंगी, जिससे परीक्षा अभ्यर्थियों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी सुविधाजनक और किफायती यात्रा का लाभ मिलेगा. रेलवे ने अभ्यर्थियों से समय से पहले स्टेशन पहुंचने तथा यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





