सरायकेला: उपायुक्त- सह- जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय द्वारा प्रखंडवार आयोजित किए जा रहे लर्नर लाइसेंस शिविरों के तहत शुक्रवार को चांडिल प्रखंड के पंचायत भवन, चावलीबासा में शिविर का आयोजन किया गया.


शिविर में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केवल उन अभ्यर्थियों को शामिल किया गया, जिन्होंने पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था. इस दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा निर्धारित नियमों के अनुरूप लर्नर लाइसेंस परीक्षा संपन्न कराई गई.
जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार शिविर के लिए कुल 201 अभ्यर्थियों का स्लॉट निर्धारित था. इनमें 151 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए, जबकि 27 अभ्यर्थी असफल रहे और 23 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस उपलब्ध कराया गया.
शिविर के दौरान मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) के साथ प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया का सफल संचालन किया.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड स्तर पर आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके नजदीक ही लर्नर लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाना है. उन्होंने नागरिकों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन और स्लॉट बुकिंग करने की अपील की.
उन्होंने सभी वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की अपील की.

