
आदित्यपुर: नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान में नागरिकों से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है. उन्होंने स्वयं अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को समर्पित करने के बाद कहा कि यह अभियान लोकतंत्र को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.


पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है. उन्होंने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपने नाम और विवरण की जांच करने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते उसमें सुधार कराने की अपील की. साथ ही नए पात्र मतदाताओं से भी अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का आग्रह किया.
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सटीक और अद्यतन मतदाता सूची ही निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव की आधारशिला है. इसलिए यह केवल चुनाव आयोग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का भी कर्तव्य है कि वह इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दे.





