
जमशेदपुर: शहर में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतारामडेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ह्यूमपाइप स्थित इन्द्रानगर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का खुलासा किया है. पुलिस ने एक महिला, उसके बेटे और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 4.32 ग्राम है, तथा बिक्री से प्राप्त 4,820 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.


सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि रविवार शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन्द्रानगर निवासी भारती कैबर्तो अपने घर से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध धंधा चला रही है. सूचना का सत्यापन कराने के बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घर पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान 40 वर्षीय भारती कैबर्तो, उसका 22 वर्षीय बेटा विशाल कैबर्तो तथा एक नाबालिग को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान 38 पुड़िया ब्राउन शुगर और 4,820 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए गए.
सिटी एसपी ने बताया कि भारती कैबर्तो पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड में पेशेवर ड्रग्स पेडलर के रूप में दर्ज है. उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले दर्ज हैं. वहीं उसके बेटे विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं.
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि जमशेदपुर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. छापेमारी अभियान में दंडाधिकारी के रूप में कनीय अभियंता उमाशंकर सहित सीतारामडेरा थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे.





