
बोकारो: जिले में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. बाइक सवार अपराधी दिनदहाड़े महिलाओं और राहगीरों को निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट का है, जहां गोमिया से अपने बच्चे का इलाज कराने आई एक महिला के गले से बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए.


पीड़िता की पहचान गोमिया निवासी कनकलता सिन्हा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चे का इलाज कराने लक्ष्मी मार्केट पहुंची थीं. इसी दौरान दो बाइक सवार अपराधी आए और उनके गले से सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद महिला ने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने भी अपराधियों का पीछा करने या उन्हें पकड़ने का प्रयास नहीं किया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
पीड़िता के पति संजय सिन्हा ने सेक्टर-4 थाना में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान में जुट गई है.
गौरतलब है कि इससे पहले भी सिटी थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति के गले से बाइक सवार अपराधियों ने चेन झपट ली थी. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हालांकि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद अपराधी लगातार वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





