
गम्हरिया: सरायकेला- खरसावां जिले के उषा मोड़ चौक पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब सड़क दुर्घटना के बाद मुआवजे को लेकर आर्का जैन विश्वविद्यालय की बस और टाटा योद्धा में सवार लोगों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक, गाली- गलौज और हाथापाई की भी स्थिति बन गई.


जानकारी के अनुसार, आर्का जैन विश्वविद्यालय की बस (संख्या JH05CR2627) पर सवार चालक पर आरोप है कि उसने आदित्यपुर थाना अंतर्गत बड़ाम थाना क्षेत्र के समीप टाटा योद्धा (संख्या JH05CY7567) को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टाटा योद्धा डिवाइडर पर चढ़ गई. आरोप है कि टक्कर के बाद भी बस चालक वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ गया.

टाटा योद्धा में सवार लोगों ने किसी तरह वाहन को वापस सड़क पर लाकर बस का पीछा किया और उषा मोड़ चौक पर उसे रुकवाया. इसके बाद उन्होंने बस चालक से नुकसान की भरपाई की मांग की. आरोप है कि इस दौरान बस चालक और उसके खलासी ने मुआवजा देने के बजाय विवाद शुरू कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर बाद आर्का जैन विश्वविद्यालय की दूसरी बस (संख्या JH05DU1311) का चालक भी मौके पर पहुंच गया. आरोप है कि उसने टाटा योद्धा के चालक और उसमें सवार लोगों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की. पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान चालक ने खुलेआम चुनौती देते हुए कहा, “गम्हरिया थाने में बता देना.”
फिलहाल इस मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो पुलिस जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.





