
सरायकेला: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ मासिक क्राइम मीटिंग की. बैठक में अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, वारंटियों की गिरफ्तारी, रात्रि गश्ती, वाहन जांच और जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई. एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी.


बैठक में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि हाल के दिनों में जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए. ऐसे व्यक्तियों का सत्यापन किया जाए और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि वे दोबारा किसी आपराधिक घटना में शामिल न हो सकें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

पुलिस अधीक्षक ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है.
बैठक में लंबित वारंटों की समीक्षा करते हुए वारंटियों और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. साथ ही आगामी रथ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया.
एसपी ने रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जाए, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो.
बैठक के दौरान लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने, समयबद्ध चार्जशीट दाखिल करने तथा गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों से जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.
प्रमोद सिंह (संपादक)





