
धनबाद: झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के पास रविवार रात हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में झरिया थाना की पेट्रोलिंग जीप का शीशा टूट गया. पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. फिलहाल पुलिस उनकी पहचान कर कानूनी कार्रवाई में जुटी है.


जानकारी के अनुसार कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के पास कुछ युवक हंगामा कर रहे थे. सूचना मिलने पर झरिया थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मी शरारती तत्वों को वहां से हटाने का प्रयास करने लगे. इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक ने झरिया थाना की पेट्रोलिंग जीप संख्या JH10AE- 8902 पर पत्थर फेंक दिया. पत्थर लगने से जीप का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी वहां से फरार हो चुके थे.
सूत्रों के अनुसार गुलगुलिया पट्टी में एक शादी समारोह चल रहा था. बताया जा रहा है कि उसी समारोह में शामिल कुछ युवक शराब दुकान के पास हंगामा कर रहे थे. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फरार युवकों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





