
सरायकेला: शहर के सबसे व्यस्ततम बिरसा चौक पर वर्षों से लोगों के लिए परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बने जानलेवा गड्ढे का आखिरकार स्थायी समाधान हो गया है. लंबे समय से सड़क के बीच बने इस गड्ढे के कारण राहगीरों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोजाना जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता था. बरसात के दिनों में गड्ढे में पानी भर जाने से स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती थी. कई बार लोग दुर्घटना का शिकार हुए और स्थानीय नागरिक लगातार इसकी स्थायी मरम्मत की मांग कर रहे थे.


नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रशासनिक स्तर पर पहल की. उन्होंने उपायुक्त एवं पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता से कई दौर की बैठक कर सड़क की खराब स्थिति और आम लोगों को हो रही परेशानी से अवगत कराया. इसके अलावा उन्होंने लिखित पत्राचार के माध्यम से भी इस गड्ढे की शीघ्र मरम्मत की मांग उठाई.
लगातार प्रयासों और विभागीय समन्वय के बाद पथ प्रमंडल ने बिरसा चौक स्थित इस जानलेवा गड्ढे की स्थायी मरम्मत का कार्य पूरा कर दिया. अब इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गड्ढा लंबे समय से शहर की बड़ी समस्या बन चुका था, जिसके कारण रोजाना जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि केवल आश्वासन देने से समस्याओं का समाधान नहीं होता, बल्कि धरातल पर काम करना जरूरी है. शहर की प्रत्येक छोटी- बड़ी समस्या का समयबद्ध समाधान कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य जारी रहेगा.
स्थानीय नागरिकों ने भी वर्षों पुरानी समस्या के समाधान पर खुशी व्यक्त की. उनका कहना है कि अब सड़क पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हो गई है और दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी कम होगी. लोगों ने उम्मीद जताई कि इसी तरह शहर की अन्य लंबित समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा.
प्रमोद सिंह (संपादक)





