
खूंटी: पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के एक सक्रिय एवं मोस्ट वांटेड उग्रवादी को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान राजेन्द्र साहू उर्फ राजेन्द्र साव उर्फ मास्टर के रूप में हुई है. उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.


पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कई मामलों में वांछित पीएलएफआई उग्रवादी राजेन्द्र साहू मुरहू थाना क्षेत्र के अपने गांव गम्हरिया में मौजूद है. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
छापेमारी दल में तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उग्रवादी को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी के खिलाफ मुरहू, तोरपा, कर्रा और खूंटी थाना में कई आपराधिक एवं उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं. पुलिस उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है.
पुलिस का कहना है कि जिले में उग्रवाद और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून- व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.





