
आदित्यपुर: नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आदित्यपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात ड्रग तस्कर डोली परवीन के बेटे शाहबाज खान (19) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को आदित्यपुर थाना कांड संख्या 303/2025 में गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


पुलिस के अनुसार. शाहबाज खान आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती का रहने वाला है और वह राज्य के बाहर से अवैध रूप से ब्राउन शुगर मंगाकर विभिन्न क्षेत्रों में उसकी सप्लाई और बिक्री करता था. उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है.
आदित्यपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 11 जुलाई 2026 की रात छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
थाना प्रभारी अंजनी सिंह ने बताया कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि ड्रग्स तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. पूरे नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है.





