
सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान की रफ्तार तेज कर दी है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में स्थापित प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटल अभिलेखीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया.


निरीक्षण के दौरान पारुल सिंह ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र हर हाल में पहुंचना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने समयबद्ध तरीके से प्रपत्रों का संग्रहण, डिजिटल अभिलेखीकरण, अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण तथा आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया. साथ ही लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करते हुए अभियान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के बाद उप जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गम्हरिया क्षेत्र की आवासीय कल्याण समिति के सदस्यों के साथ जागरूकता बैठक की. बैठक में सदस्यों के बीच गणना प्रपत्र वितरित किए गए तथा प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी गई.
पारुल सिंह ने समिति के सदस्यों से अपने परिवार, पड़ोस और आसपास के सभी पात्र मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाता गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित मतदाता सूची प्रभारी को निर्धारित अवधि के भीतर उपलब्ध कराएं, ताकि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है. इसलिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है.
इस अवसर पर सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, मतदाता सूची प्रभारियों के पर्यवेक्षक, मतदाता सूची प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं आवासीय कल्याण समिति के सदस्य उपस्थित थे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह





