
सरायकेला: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत शनिवार को कुचाई प्रखंड के आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान प्रखंड के नौ विद्यालयों के 162 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया.


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने छात्र- छात्राओं को साइकिल प्रदान कर किया. इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा, विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम नारायण सरदार, बीपीओ मिहीर कुमार दास तथा मुखिया करम सिंह मुंडा उपस्थित रहे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि ‘उन्नति का पहिया’ योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ना और विद्यालय आने- जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना है. साइकिल मिलने से विद्यार्थियों का समय बचेगा. उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा.
सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है. उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सदुपयोग करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की.
विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. ऐसे में यह योजना उनके लिए काफी लाभकारी साबित होगी. उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और ड्रॉपआउट की समस्या में कमी आएगी.
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी ने बताया कि इस चरण में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 162 छात्र-छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराई गई है. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संसाधनों के अभाव में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे.
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम नारायण सरदार ने विद्यार्थियों को साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी. वहीं बीपीओ मिहीर कुमार दास ने नियमित उपस्थिति बनाए रखने और बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया.
साइकिल प्राप्त कर छात्र- छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे. विद्यार्थियों ने कहा कि अब उन्हें विद्यालय आने- जाने में काफी सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी. कार्यक्रम में उत्तम कुमार प्रधान, कुशल सिंह सोय, मुकेश कुमार सोय, जोएल ओमंग, दैत्यारी लेंका, नंद किशोर प्रधान, भोला नाथ गोप सहित विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे.
Edited By Sarita Mahato





