
चांडिल: थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी गई बाइक बरामद कर ली है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की जानकारी थाना प्रभारी संतन तिवारी ने दी.


उन्होंने बताया कि बीते दिनों चांडिल बाजार से मिलन प्रामाणिक की हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या JH05BT1692) चोरी हो गई थी. इस संबंध में चांडिल थाना कांड संख्या 92/26, दिनांक 3 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी अभियान चलाकर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली. साथ ही मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन बागती उर्फ चंदू बागती (19 वर्ष) तथा शिवा सरदार (20 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों बागुनहातु. डी ब्लॉक. रोड नंबर-7. थाना सिदगोड़ा. जिला पूर्वी सिंहभूम के निवासी हैं. थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita Mahato





