
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित गैस गोदाम के समीप हेवन पैलेस के पीछे एक बंद पड़े मकान से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया.


पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान महेश डे के रूप में हुई है. वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का निवासी था. स्थानीय स्तर पर वह दिहाड़ी मजदूर के रूप में कार्य करता था.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महेश डे को शराब पीने की लत थी. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसकी मौत के कारणों को लेकर अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है. मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. मानगो थाना पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल से उपलब्ध साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही महेश डे की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





