
सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत 57-खरसावां विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने गुरुवार को अंचल कार्यालय, खरसावां में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा की. बैठक में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं संबंधित अधिकारियों के साथ अभियान की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध निष्पादन पर विस्तार से चर्चा की गई.


अपर उपायुक्त ने डिजिटाइजेशन कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होने देने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी गणना प्रपत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयसीमा के भीतर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने प्रतिनियुक्त कर्मियों को समुचित प्रशिक्षण देने, कंट्रोल रूम के माध्यम से कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक प्रपत्र की सही डाटा एंट्री पर विशेष ध्यान देने को कहा.
उन्होंने अपलोड किए जाने वाले फोटो की गुणवत्ता बनाए रखने, बूथवार गणना प्रपत्रों का सुरक्षित संधारण तथा त्रुटिरहित डेटा अपलोड सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही स्वयंसेवकों और बीएलओ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित गति लाने पर जोर दिया.
बैठक में प्रतिदिन नियमित समीक्षा कर कार्यों की प्रगति का अनुश्रवण करने तथा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश भी दिए गए. अपर उपायुक्त ने कहा कि SIR-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ संपन्न किए जाएं. उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अभियान की सतत निगरानी करते हुए कार्यों को त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने का निर्देश दिया.
Edited By Sarita Mahato





