
सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला की तृतीय बोर्ड बैठक में गुरुवार को विकास एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई. बैठक में बरसात के मौसम में डेंगू और मलेरिया की रोकथाम, पेयजल समस्या के स्थायी समाधान, अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था में सुधार, विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने, पार्कों एवं तालाबों के विकास सहित नगर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए. बैठक में स्पष्ट किया गया कि स्वीकृत योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर धरातल पर उतारा जाएगा.


नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में उपाध्यक्ष अविनाश कवि, कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता, नगर पंचायत के अभियंता, नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक तथा वार्ड पार्षद उत्तम मोहंती, विक्रम मोदक, ज्योति साहू, सुषमा तियू, गौतम नायक, बबीता कामिला, सविता पटनायक, वरुण साहू, शांति गोडसेरा और अंजलि राय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
बैठक की शुरुआत पूर्व में लिए गए निर्णयों की समीक्षा से हुई. इसके बाद नगर विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई.
बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया समेत अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए पूरे नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. इसके तहत नियमित फॉगिंग, लार्वा रोधी दवाओं का छिड़काव, जलजमाव वाले क्षेत्रों की निगरानी तथा सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा.
बैठक में वार्ड संख्या 3, 6 एवं 10 की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए राइजिंग पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने तथा इसके लिए राज्य सरकार को विस्तृत प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया.
नगर क्षेत्र में बढ़ती अतिक्रमण और जाम की समस्या के समाधान के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, चैंबर ऑफ कॉमर्स तथा अन्य संबंधित पक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित कर समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर भी सहमति बनी.
बैठक में वर्तमान बस स्टैंड को साप्ताहिक हाट परिसर में विकसित करने तथा साप्ताहिक हाट को नदी किनारे स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई. साथ ही विभिन्न वार्डों में आवश्यकता के अनुसार सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया.
विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी वार्डों में संबंधित पार्षदों के साथ विद्युत विभाग द्वारा संयुक्त निरीक्षण करने, आवश्यकतानुसार नए बिजली पोल लगाने, जर्जर तार बदलने तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए.
नगर पंचायत कार्यालय की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से दो कार्यालय सहायकों तथा एक विद्युत मिस्त्री की संविदा पर नियुक्ति का भी निर्णय लिया गया. बैठक में नगर क्षेत्र के तीन तालाबों एवं चार पार्कों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और बेहतर रखरखाव के लिए बंदोबस्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया. साथ ही नगर पंचायत की आय बढ़ाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने, नगर संपत्तियों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना तथा अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य केवल योजनाओं को स्वीकृति देना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है. उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध पेयजल, बेहतर विद्युत व्यवस्था, सुगम यातायात और गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. बरसात के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए सभी निर्णय सीधे जनता के हित से जुड़े हैं. अब प्राथमिकता इन प्रस्तावों का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है. प्रत्येक वार्ड की समस्याओं का चरणबद्ध समाधान किया जाएगा तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी.
बैठक के अंत में अध्यक्ष ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी निर्णयों को समयबद्ध तरीके से लागू करने का आह्वान किया, ताकि नगरवासियों को विकास योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके और सरायकेला को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित किया जा सके.
प्रमोद सिंह (संपादक)





