
आदित्यपुर: गम्हरिया और आदित्यपुर थाना के सीमा से सटे आदर्श नगर निवासी एवं ब्यूटी पार्लर संचालिका सुनीता देवी से गुरुवार दोपहर कथित तौर पर झांसा देकर सोने के जेवर ठगी का मामला प्रकाश में आया है. घटना छोटा गम्हरिया दुर्गापूजा मैदान के समीप हुई. पीड़िता के अनुसार दो अज्ञात व्यक्तियों ने पहले बातचीत में उलझाया, फिर किसी मेडिकल कैंप के बारे में पूछताछ करने लगे.


बताया गया कि दोनों व्यक्तियों ने सुनीता देवी से कहा कि आजकल माहौल ठीक नहीं है और उन्हें सोने के आभूषण पहनकर नहीं चलना चाहिए. पीड़िता का आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपियों ने संभवतः कोई स्प्रे किया, जिसके बाद वह असामान्य स्थिति में आ गईं. इसी दौरान उन्होंने स्वयं अपने गले से करीब 15 ग्राम की सोने की चेन और कान की दोनों बालियां उतारकर उन लोगों को दे दीं.
कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया तो उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने अपने पति विकास कुमार को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही विकास कुमार ने डायल-100 पर पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर आदित्यपुर एवं गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
Edited By Sarita





