
आदित्यपुर: पुलिस ने प्रभात पार्क गेट के समीप जायका फूड के संचालक प्रमोद कुमार दास और साहिल कुमार मंडल तथा विशाल कुमार मंडल के बीच हुई चापड़बाजी की घटना में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त प्रमोद कुमार दास समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.


बताया गया कि 13 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे हरिओम नगर स्थित प्रभात पार्क गेट के पास जायका फूड के संचालक प्रमोद कुमार दास और साहिल कुमार मंडल तथा विशाल कुमार मंडल के बीच विवाद हुआ था. विवाद के दौरान हुई चापड़बाजी में विशाल कुमार मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
घटना के अगले दिन 14 मई 2026 को साहिल कुमार मंडल के लिखित आवेदन के आधार पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या-127/2026 दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर अनुसंधान तेज किया गया.
अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक जयराज कुमार सोनी ने छापेमारी अभियान चलाकर कांड के प्राथमिकी अभियुक्त प्रमोद कुमार दास समेत अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे का अनुसंधान जारी है और आवश्यकतानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita





