
आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का गुरुवार को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के कार्यों का जायजा लिया, मतदाताओं से संवाद किया तथा अभियान की प्रगति की समीक्षा की.


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाताओं से सीधे बातचीत कर एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े उनके सवालों का जवाब दिया और कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर का उद्देश्य किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है.
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है. उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत वर्ष 2003 के बाद तैयार मतदाता सूची के आधार पर प्रत्येक मतदाता का एन्यूमरेशन (Enumeration) किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची में दर्ज सभी जानकारियों का सत्यापन हो सके. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग दें, समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करें तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ को भी निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचें, लोगों की शंकाओं का समाधान करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करें.
वहीं अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने एसआईआर अभियान में लगे बीएलओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित समय में बड़ी संख्या में मतदाताओं तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण कार्य है. उन्होंने बीएलओ से पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा शेष मतदाताओं तक शीघ्र पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का सत्यापन समय पर कराएं.
गौरतलब है कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में एसआईआर अभियान की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी बताई जा रही है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने निरीक्षण के माध्यम से अभियान की गति बढ़ाने पर जोर दिया है. अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए बीएलओ और आम नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है.
निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक है कि मतदाता किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें. सभी पात्र नागरिक समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बीएलओ को जमा करें. वहीं प्रशासन को भी शहरी क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाकर एसआईआर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता प्रक्रिया से वंचित न रहे.
Edited By Shubham Mishra





