
जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं.


ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम कुमार खंडवाला ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 8 जुलाई की देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सिमुलडांगा गांव के समीप सड़क किनारे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी हुई है. सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि दो युवक उसे डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट घुमाने के बहाने ले गए. वहां उसे शराब पिलाई गई और बाद में सुनसान स्थान पर ले जाकर दोनों ने उसके साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किया. विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गई. इसके बाद दोनों आरोपी उसे घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए.
पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, स्थानीय सूचना तंत्र और त्वरित छापेमारी के आधार पर महज छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश (एमजीएम थाना क्षेत्र निवासी) तथा जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा (मानगो निवासी) के रूप में हुई है. दोनों पेशे से चालक (ड्राइवर) बताए जा रहे हैं. ग्रामीण एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. वहीं पीड़िता का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है.
Edited By Shubham Mishra





