
आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना पुलिस ने दो अलग- अलग मामलों में महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एक ओर पांच वर्ष पुराने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरी ओर बाइक चोरी कांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया है. दोनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


पहले मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या-280/2021 (दिनांक 13 अगस्त 2021) से जुड़े आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (धारा 306/34 भादवि) मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू सिंह (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. यह मामला केवीवी. राव की शिकायत पर दर्ज हुआ था, जिसमें उनके पुत्र के. सोमनाथ राव को आत्महत्या के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया था.
पुलिस के अनुसार अनुसंधान के दौरान मृतक के हस्तलिखित सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कुल आठ लोगों की संलिप्तता सामने आई थी. सुसाइड नोट में आरोपियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का उल्लेख था. तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सतवाहिनी, जमालपुर क्षेत्र में छिपे गुड्डू सिंह को गिरफ्तार कर लिया. उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
वहीं दूसरे मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या-170/2026 (दिनांक 28 जून 2026) के तहत दर्ज मोटरसाइकिल चोरी मामले का भी पुलिस ने खुलासा किया है. यह मामला बेलडीह बस्ती निवासी पूर्णिमा सरदार की शिकायत पर दर्ज किया गया था.
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सोहन गोप को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मोटरसाइकिल चोरी के बाद तीन- चार दिन तक अपने घर में छिपाकर रखी और बाद में एक ठेला चालक के माध्यम से हरिओम नगर स्थित विनोद सिंह के टाल में बेच दी.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की मोटरसाइकिल के पुर्जे अलग- अलग कर जुगसलाई के एक कबाड़ी टाल में बेच दिए गए. इस मामले में विनोद सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है. गिरफ्तार आरोपी सोहन गोप को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में आगे की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है और फरार अथवा संलिप्त अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita Mahato





