
सरायकेला-खरसावां: जिले के कुचाई प्रखंड मुख्यालय स्थित आत्मा भवन में गुरुवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM) के तहत किसानों के बीच हाईब्रिड धान बीज का वितरण किया गया. कार्यक्रम के दौरान प्रखंड क्षेत्र के 50 चयनित किसानों को उन्नत किस्म के हाईब्रिड धान बीज उपलब्ध कराए गए. ताकि कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि हो सके.


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, एफआईएसी अध्यक्ष मंगल सिंह मुंडा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनुस हेंब्रम तथा बीटीएम राजेश कुमार उपस्थित रहे. सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से किसानों के बीच धान बीज का वितरण किया.
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, प्रमाणित बीज और वैज्ञानिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन को बढ़ावा देना है. उन्होंने कहा कि हाईब्रिड धान की खेती से किसानों को बेहतर उपज मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.
प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनुस हेंब्रम ने किसानों को धान की वैज्ञानिक खेती, समय पर बुवाई, संतुलित उर्वरक उपयोग, जल प्रबंधन तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खाद्यान्न उत्पादन में वृद्धि के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ किसानों तक पहुंचाया जा रहा है.
बीटीएम राजेश कुमार ने कहा कि उन्नत एवं प्रमाणित बीजों के उपयोग से उत्पादन लागत कम होती है और फसल की गुणवत्ता तथा उत्पादकता में वृद्धि होती है. उन्होंने किसानों से कृषि विभाग के संपर्क में रहकर आधुनिक तकनीकों को अपनाने और विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की. कार्यक्रम में धर्मेन्द्र सांडिल, बुंदीरा सोय सहित प्रखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे.
Edited By Sarita Mahato





