
जमशेदपुर: अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितता और करोड़ों रुपये की चोरी के आरोपों की न्यायिक जांच की मांग को लेकर गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जमशेदपुर में जोरदार विरोध- प्रदर्शन किया. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने साकची से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई.


रैली का नेतृत्व झामुमो नेता बबन राय ने किया. प्रदर्शन को संदेशात्मक बनाने के लिए रैली में भगवान श्रीराम, माता सीता और वानर सेना की झांकियां भी शामिल की गईं. कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की तथा कथित वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की.
उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में अयोध्या के श्री राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और करोड़ों रुपये की चोरी के आरोपों की न्यायिक जांच कराने की मांग की गई. साथ ही दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया.
इस अवसर पर झामुमो नेताओं ने कहा कि यदि देश के किसी भी धार्मिक संस्थान से जुड़े वित्तीय मामलों में भ्रष्टाचार या अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होनी चाहिए. उनका कहना था कि जांच से सच्चाई सामने आएगी और जनता का विश्वास भी कायम रहेगा.
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में झामुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे. वहीं किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए उपायुक्त कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था. कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.
Edited By Sarita





