
राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर राजनगर थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है. बुधवार को थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच एवं ट्रैफिक नियंत्रण अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान नशे की हालत में तेज रफ्तार से ट्रेलर चला रहे एक चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.


जांच अभियान के दौरान पुलिस ने भारी वाहनों सहित अन्य वाहनों की भी जांच की. दस्तावेजों के सत्यापन के साथ-साथ ब्रेथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई. इसी क्रम में एक ट्रेलर चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया. जिसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 17 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.
गौरतलब है कि राजनगर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है. दो दिन पूर्व रौला-खैरबनी के समीप दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई थी. हादसे में एक चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई थी. जबकि दूसरा चालक इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया था. इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस और प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर और अधिक सतर्क हो गया है.
बुधवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने भी दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर ट्रैफिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए थे. इसी कड़ी में राजनगर थाना पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू किया है.
थाना प्रभारी ने क्या कहा
थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने कहा कि सड़क पर लापरवाही और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विशेषकर शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की. साथ ही कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है.
Edited By Sarita Mahato





