
सरायकेला: जिला खेल संघ द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2026 के तहत बुधवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. पहले मैच में एनएससी बुरुडीह ने गॉड फादर स्पोर्टिंग, खूंटपानी को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से हराकर अपने अभियान की दमदार शुरुआत की. वहीं दूसरे मुकाबले में सुमित स्पोर्टिंग, सीनी ने शानदार वापसी करते हुए एवरेस्ट क्लब, मुंडाटांड़ को 3-1 से शिकस्त दी.


पहले मुकाबले में शुरुआत से ही एनएससी बुरुडीह ने आक्रामक खेल दिखाया. मैच के 14वें मिनट में मंगल सिंह ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद 37वें मिनट में डी. सुंडी और 39वें मिनट में प्रकाश पूर्ति ने गोल दागकर पहले हाफ में ही स्कोर 3-0 कर दिया.
दूसरे हाफ में भी बुरुडीह के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा. टीम ने लगातार तीन और गोल दागकर मुकाबला 6-0 से अपने नाम कर लिया. पूरे मैच में खूंटपानी की टीम वापसी करने में पूरी तरह नाकाम रही.
दिन का दूसरा मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा. सुमित स्पोर्टिंग, सीनी और एवरेस्ट क्लब, मुंडाटांड़ के बीच लंबे समय तक कांटे की टक्कर देखने को मिली. एक समय दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं और मुकाबला किसी भी ओर जा सकता था. लेकिन अंतिम क्षणों में सीनी के खिलाड़ियों ने लगातार दो गोल दागकर मैच का रुख पलट दिया और 3-1 से शानदार जीत दर्ज की. इससे पूर्व प्रतियोगिता के पहले मैच का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. इस अवसर पर जिला खेल संघ के पिनाकी रंजन, बलराम महतो सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे.
10 जुलाई के मुकाबले
जिला फुटबॉल लीग के अगले मुकाबले अर्जुन स्टेडियम, खरसावां में खेले जाएंगे.
दोपहर 2:00 बजे: बीएमसी दोलुडीह बनाम आरएफटीसी खरसावां.
अपराह्न 3:30 बजे: एंजेल फुटबॉल क्लब, सरगीडीह बनाम ग्रीन एरिया, दलभंगा.
प्रमोद सिंह (संपादक)





