
जमशेदपुर: पुलिस ने नकली सिगरेट के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 39 लाख रुपये मूल्य की 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद की है. कार्रवाई के दौरान मानगो थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि इस पूरे रैकेट के तीन कथित मास्टरमाइंड अब भी फरार हैं. पुलिस का दावा है कि नकली सिगरेट शहर की विभिन्न दुकानों में सप्लाई की जा रही थी.


वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-17 स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पीछे ग्राहक बनकर जाल बिछाया. इसी दौरान स्कूटी से नकली सिगरेट की खेप लेकर पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने दबोच लिया.
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 500 पैकेट नकली सिगरेट तथा एक स्कूटी बरामद की गई. पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे कपाली के इस्लामनगर स्थित एक गोदाम से नकली सिगरेट लाकर शहर के विभिन्न दुकानदारों तक पहुंचाते थे.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कपाली के इस्लामनगर स्थित गोदाम में छापेमारी की. जहां 19 प्लास्टिक के बोरों में रखे 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद किए गए. जब्त सिगरेट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये आंकी गई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैद अंसारी और एहतेशाम शमीम के रूप में हुई है. वहीं गोदाम संचालक वली आजम. शहनवाज दानिश और एस.के. परवेज फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
पुलिस ने इस मामले में मानगो थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि नकली सिगरेट के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है.
पुलिस की अपील
पुलिस ने दुकानदारों और आम लोगों से अपील की है कि बिना बिल या संदिग्ध स्रोत से आने वाले तंबाकू उत्पादों की खरीद-बिक्री से बचें. यदि कहीं नकली सिगरेट या अन्य नकली उत्पादों के कारोबार की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को जानकारी दें. ताकि ऐसे अवैध नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
Edited By Shubham Mishra





