
जमशेदपुर: आज़ादनगर थाना क्षेत्र में टाटा मोटर्स के एक कर्मचारी से हुई मोबाइल छिनतई की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया है. उसके कब्जे से छिनतई की गई मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है. वहीं मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 की रात करीब 11:45 बजे चाणक्यपुरी निवासी रविन्द्र महतो टाटा मोटर्स से ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान चाणक्यपुरी स्थित अजय स्टोर के पास काले रंग की हीरो मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनके हाथ से वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल छीन लिया और कपाली की ओर फरार हो गए.
पीड़ित की शिकायत पर आज़ादनगर थाना में कांड संख्या-58/2026 के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया.
गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कपाली क्षेत्र से एक विधि-विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर छिनतई की गई वीवो मोबाइल बरामद कर ली गई. साथ ही घटना में प्रयुक्त काले रंग की हीरो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई.
पुलिस ने गिरफ्तार विधि-विरुद्ध बालक को बुधवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया. वहीं इस मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस की अपील
आज़ादनगर थाना पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें. ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





