
सरायकेला: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरायकेला में औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) रवि मिश्रा के मामले में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है. उप विकास आयुक्त रीना हांसदा द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद विभाग ने फिलहाल केवल उन्हें सरायकेला से हटाकर ईचागढ़ सीएचसी में प्रतिनियुक्त कर दिया है.


उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जारी आदेश में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने रवि मिश्रा की प्रतिनियुक्ति ईचागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कर दी है. गौरतलब है कि जून माह में डीडीसी रीना हांसदा ने सीएचसी सरायकेला का औचक निरीक्षण किया था. उस दौरान बीपीएम अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित मिले थे, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण अभिलेखों और पंजियों की जांच पूरी नहीं हो सकी थी. निरीक्षण में अन्य प्रशासनिक अनियमितताएं भी सामने आई थीं.
इसके बाद 25 जून को जिला स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक में मामले को गंभीरता से उठाया गया और जांच समिति गठित की गई. जांच रिपोर्ट के आधार पर डीडीसी ने संबंधित मामले में कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था. हालांकि अब तक बीपीएम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई, कारण बताओ नोटिस या अन्य दंडात्मक कार्रवाई की कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है. केवल प्रतिनियुक्ति किए जाने से पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. अब यह देखना होगा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कोई विभागीय या कानूनी कार्रवाई होती है या मामला सिर्फ प्रतिनियुक्ति तक ही सीमित रह जाता है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





