देवघर: श्रावणी मेला के दौरान कारोबारियों को डरा- धमकाकर रंगदारी वसूलने और दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को देवघर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.


देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सौरभ पलिवार के तीन गुर्गे हथियार लहराकर इलाके में दहशत फैला रहे हैं और कारोबारियों से रंगदारी की मांग कर रहे हैं. इस दौरान हथियार लहराने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.
सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. कार्रवाई के दौरान हरि शरणम कुटिया के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी में उनके पास से एक देशी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. इनके खिलाफ पहले से लूट, रंगदारी, हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है.
Edited By Sarita

