
चतरा: जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. जहां हंटरगंज थाना क्षेत्र के डटमी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की दिनदहाड़े लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि वारदात को मृतक के सगे भाई और उसके परिजनों ने अंजाम दिया. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.


परिजनों के अनुसार, कैलाश यादव और उनके भाई विलास यादव के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. मंगलवार सुबह करीब नौ बजे कैलाश विवादित खेत में हल चला रहे थे. इसी दौरान विलास यादव अपने परिवार के साथ वहां पहुंचा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया.
वायरल वीडियो में कथित तौर पर तीन पुरुष और दो महिलाएं कैलाश यादव पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं. गंभीर चोट लगने से कैलाश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतक के पुत्र सिकंदर यादव की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच जारी होने का हवाला देते हुए विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया है. थाना प्रभारी ने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.
Edited By Sarita





