
जमशेदपुर: सार्वजनिक भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है. जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छह विशेष जांच दलों ने एक साथ औचक निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों की पड़ताल की.


अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम के नेतृत्व में गठित टीमों ने होटल, अस्पताल, विद्यालय, कोचिंग संस्थान, मॉल तथा अन्य सार्वजनिक एवं व्यावसायिक भवनों का निरीक्षण किया. इस दौरान साकची स्थित होटल क्वालिटी इन, बिष्टुपुर के अल्कोर होटल, एमजीएम गोलचक्कर स्थित गंगा रेजिडेंसी, आमबागान के एमआईआईटीजेईई क्लासेस, फिजिक्स वाला और श्रीमान क्लासेस समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई.
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और कार्यशीलता, फायर सेफ्टी सिस्टम, आपातकालीन निकास, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा संकेतक तथा कर्मचारियों की आपदा से निपटने की तैयारियों की विस्तृत जांच की गई.
उपायुक्त राजीव रंजन ने निर्देश दिया है कि जहां भी अग्नि सुरक्षा मानकों में कमी मिले, उसे निर्धारित समय सीमा के भीतर दूर कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Edited By Sarita





