
जामताड़ा: मुख्यमंत्री उत्कृष्ट जेबीसी प्लस टू उच्च विद्यालय में मंगलवार को कल्याण विभाग की ओर से साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यालय के 73 छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई. साइकिल मिलने के बाद विद्यार्थियों में खुशी का माहौल देखने को मिला.


कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा, प्रखंड प्रमुख लुखीमुनी सोरेन और प्रमुख प्रतिनिधि आनंद टुडू ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को साइकिल वितरित कर किया.
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि राज्य सरकार की साइकिल वितरण योजना का उद्देश्य दूर-दराज के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि दूरी उनकी शिक्षा में बाधा न बने. वहीं प्रखंड प्रमुख लुखीमुनी सोरेन ने कहा कि इस योजना से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी.
कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी जितेंद्र साहू ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की. इस मौके पर राजू प्रसाद भगत, प्रधानाध्यापक एबीमाइल टुडू, शिक्षक- शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





