
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर जिलेभर में अपराध नियंत्रण और विधि- व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में सोमवार को राजनगर थाना प्रभारी विपुल ओझा के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौक- चौराहों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया.


अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की. वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य आवश्यक कागजात की जांच की गई. साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया. पुलिस टीम ने वाहनों की डिक्की और संदिग्ध सामान की भी तलाशी ली.

राजनगर थाना प्रभारी विपुल ओझा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिलेभर में अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए नियमित रूप से एंटी क्राइम अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य चोरी, लूट, छिनतई, अवैध हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों के कारोबार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है.
उन्होंने कहा कि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना पुलिस की प्राथमिकता है. इसलिए क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी.

थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है.
पुलिस के इस विशेष अभियान से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों और अपराधियों में हड़कंप का माहौल देखा गया. वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नियमित अभियान से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





