
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून- व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कपाली ओपी पुलिस ने विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कपाली ओपी प्रभारी के नेतृत्व में यह अभियान क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर संचालित किया गया.


अभियान के दौरान पुलिस ने मुख्य सड़कों पर बैरिकेडिंग कर कार, मोटरसाइकिल, स्कूटी सहित विभिन्न वाहनों को रोककर सघन जांच की. वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई. साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन भी किया गया.

पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और अन्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखने की सलाह दी. अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.
कपाली ओपी पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस तरह का विशेष एंटी क्राइम अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा. पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित जांच अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





